
कल रात को निकले कई सांपों से आतंकित लोग
इगलास। नगर पंचायत इगलास के वार्ड नंबर 5 स्थित एक गली में खुली और गहरी नाली स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। नाली खुली होने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। स्थानीय लोगों ने वार्ड सभासद दाताराम प्रजापति एवं नगर पंचायत से नाली को ढकवाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त नाली मुख्य नाले से सीधे जुड़ी हुई है। इसके चलते नाली में अक्सर सांप और अन्य जीव-जंतु दिखाई देते हैं। गली में बच्चे खेलते रहते हैं और खेलते समय उनके खिलौने नाली में गिर जाते हैं। खिलौने निकालने के लिए बच्चे नाली में हाथ डालते हैं, जिससे सांप या अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के काटने का खतरा बना रहता है। ऐसे में किसी भी समय अप्रिय घटना होने की आशंका से लोग परेशान हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली काफी चौड़ी और गहरी है। इसके खुला रहने से बच्चों के लिए खतरा बना हुआ है। लोगों का मानना है कि यदि नाली को ऊपर से ढक दिया जाए तो बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही अन्य संभावित खतरों से भी बचा जा सकता है।
गली के निवासियों संजू सिंह, संतोष कुमार, अरविंद कुमार, राजेश अग्रवाल, विकास कुमार, विजय सिंह, गोवर्धन सिंह ने वार्ड सभासद दाताराम प्रजापति एवं नगर पंचायत से जल्द से जल्द नाली को ढकवाने की मांग की है। लोगों को उम्मीद है कि नगर पंचायत इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और किसी अनहोनी से बचा जा सके।
