
इगलास। चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर मतदाता विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी के तहत शुक्रवार से तहसील मुख्यालय पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां आने वाले लोगों को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी भी एक कर्मचारी द्वारा दी जा रही है।
तहसीलदार ललित नरायन प्रशांत ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मतदाता विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य में करीब 400 बीएलओ लगाए गए हैं, जो बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन कर उसे त्रुटिरहित बनाने में जुटे हैं।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि नाम, पता एवं अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। यदि मतदाता सूची में नाम छूट गया है या किसी प्रकार की अशुद्धि है तो संबंधित क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर उसे ठीक करा लें।
उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता की बीएलओ से मुलाकात नहीं हो पा रही है या उसे किसी प्रकार की परेशानी है तो वह तहसील मुख्यालय पर स्थापित हेल्प डेस्क पर अपनी समस्या बता सकता है। वहां तैनात कर्मचारी समस्या के समाधान में सहायता करेंगे।
तहसीलदार ने कहा कि सभी मतदाताओं को जागरूक होकर मतदाता सूची का परीक्षण करना चाहिए, ताकि वे स्वयं या उनके परिवार का कोई सदस्य अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। हेल्प डेस्क का संचालन कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।
