खाटू श्याम के जयकारों से गूंजा इगलास मंदिर परिसर, भजन-कीर्तन और फूलों की सजावट ने बांधा समां

इगलास के सासनी रोड स्थित मंदिर में 20 नवंबर को खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक फूलों, रंग-बिरंगी लाइटों और भव्य सजावट से सजाया गया। बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार कर उन्हें छप्पन भोग अर्पित किया गया।

जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरा वातावरण ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ और ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर बाबा श्याम की मंगला आरती मंदिर के पुजारी प्रिया शरण उपाध्याय जी द्वारा की गई और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।

हिंदू धर्म में भगवान खाटू श्याम जी को कलियुग का सबसे प्रसिद्ध देवता और भगवान श्रीकृष्ण का परम भक्त माना जाता है। उन्हें हारे का सहारा, तीन बाणधारी और शीश के दानी के नाम से भी जाना जाता है। खाटू श्याम जी का वास्तविक नाम बर्बरीक था। वे महाभारत काल के महान योद्धा और अद्भुत शक्तियों के स्वामी थे।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत काल में पांडव पुत्र भीम के पुत्र घटोत्कच का विवाह नागकन्या मौरवी से हुआ था। मौरवी और घटोत्कच के पुत्र के रूप में बर्बरीक का जन्म हुआ। बचपन से ही बर्बरीक अत्यंत वीर, साहसी और धर्मपरायण थे। उनमें अद्भुत युद्ध कौशल और पराक्रम था।

उन्होंने भगवान शिव की कठोर तपस्या की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें तीन ऐसे दिव्य बाण प्रदान किए, जिनमें संपूर्ण संसार को पराजित करने की शक्ति थी। इसी कारण वे तीन बाणधारी कहलाए और वही बर्बरीक भगवान श्री कृष्ण की कृपा से आगे चलकर खाटू श्याम के नाम से प्रसिद्ध हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *