महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती पर 14 अक्टूबर को इगलास में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

इगलास। अग्र समाज के प्रवर्तक एवं महान सम्राट महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के पावन अवसर पर आगामी 14 अक्टूबर (बुधवार) को इगलास नगर में भव्य शोभायात्रा एवं जयंती समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जाएगा।

इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को लेकर श्री अग्रवाल युवा सेवा समिति की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए समिति की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष डॉ. लव मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ शाम चार बजे मथुरा रोड स्थित शाहपुरिया बगीची के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर से किया जाएगा। इसमें अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, महाराजा अग्रसेन जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ महाआरती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन जी के साथ उनके 18 राजकुमारों के स्वरूप आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा मां लक्ष्मी एवं मां सरस्वती के स्वरूपों सहित विभिन्न आकर्षक झांकियां भी शामिल होंगी।

भव्य झांकियों और बैंड-बाजों से सुसज्जित शोभायात्रा मथुरा रोड स्थित बगीची मंदिर से प्रारंभ होकर अलीगढ़ रोड, पुरानी तहसील रोड, गौंडा रोड स्थित पथवारी मंदिर, सासनी रोड और हाथरस रोड होते हुए निर्धारित गंतव्य चाची गेस्ट हाउस पहुंचेगी।

शोभायात्रा के स्वागत के लिए नगर में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा की तैयारियां भी की जा रही हैं।

समिति ने समस्त अग्रबंधुओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाया जाएगा।

समिति के कार्यकारिणी सदस्यों डॉ. लव मित्तल, हरीश अग्रवाल (हन्ना भैया), रूपेश गोयल, निरपेक्ष गोयल, प्रवेश अग्रवाल, उत्सुक गोयल, तुषार जिंदल एवं ध्रुव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि महाराजा अग्रसेन जी के लोककल्याणकारी आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का ‘एक रुपया और एक ईंट’ का सिद्धांत समाज में बंधुत्व, समानता, सहयोग एवं सामाजिक समरसता की भावना का प्रतीक है। इस सिद्धांत के माध्यम से उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता करने तथा सामूहिक सहयोग से समाज को सशक्त बनाने का संदेश दिया था। जयंती समारोह के माध्यम से इन्हीं आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *