
नगर में इस वर्ष भी ऐतिहासिक श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन पूरी भव्यता और श्रद्धा के साथ किया जाएगा। हाथरस रोड स्थित रामलीला मैदान में 6 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह धार्मिक महोत्सव 21 अक्टूबर तक चलेगा। महोत्सव के दौरान श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष श्रीरामलीला का मंचन राजेश्वरी रामलीला समिति, वृंदावन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोजन के तहत 6 अक्टूबर को दिन में शिवजी की बारात, रात्रि में श्री गणेश पूजन, नारद मोह। 8 अक्टूबर को श्रीराम जन्म, मुनि आगमन, ताड़का वध। 10 अक्टूबर को दिन में श्रीराम बारात, रात्रि में सीता विवाह, कन्यादान। 12 अक्टूबर को कैकेयी-दशरथ संवाद, राम वन गमन, केवट उद्धार, चित्रकूट निवास। 14 अक्टूबर को खर-दूषण वध, मारीच-रावण संवाद, सीता हरण, जटायु उद्धार।16 अक्टूबर को सीता-रावण संवाद, लंका दहन, विभीषण शरणागत, रामेश्वरम स्थापना। 18 अक्टूबर को सुलोचना सती, अहिरावण द्वारा राम-लक्ष्मण हरण लीला का मंचन होगा। राम बारात में झांकियां सजाकर लाने वाले श्रद्धालुओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके अलावा 18 एवं 19 अक्टूबर को मां काली की शोभायात्रा निकाली जाएगी। 20 अक्टूबर को विजयदशमी पर्व पर भव्य रावण मेले का आयोजन होगा, जिसमें दूर-दराज से आने वाले दुकानदारों के साथ आकर्षक मेले की रौनक रहेगी। 21 अक्टूबर को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ महोत्सव का समापन होगा।
