
बेसवां। श्री अग्रवाल नवयुवक मंडल, बेसवां के तत्वावधान में सोमवार, 12 अक्टूबर को अग्र समाज के प्रवर्तक एवं महान सम्राट महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर स्थित श्री हनुमान वाटिका में भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण, विशाल शोभायात्रा, अतिथि सम्मान समारोह, सहभोज एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक विवेक बंसल एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महाराजा अग्रसेन जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विवेक बंसल एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का ‘एक रुपया और एक ईंट’ का सिद्धांत समाज में बंधुत्व, समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस सिद्धांत के माध्यम से उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता करने तथा सामूहिक सहयोग से समाज को सशक्त बनाने का संदेश दिया था। उन्होंने सभी से महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजकों ने बताया कि समाज के लोगों की आपसी एकता, भाईचारे और परस्पर सहयोग के चलते इतने भव्य कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो सका। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अग्र बंधुओं का आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान अतिथि सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें इगलास के विनोद अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, हरीश अग्रवाल, लव मित्तल, सोनू बंसल, पंकज अग्रवाल, प्रवेश अग्रवाल, तुषार जिंदल एवं संदीप बंसल को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
