
इगलास। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यदि आलू उत्पादक किसानों को सरकार की ओर से राहत राशि नहीं दी गई तो आगामी विधानसभा चुनाव में किसान प्रदेश सरकार का विरोध करेंगे।
हस्तपुर-चंदफरी सहकारी समिति के मैदान में आलू उत्पादक किसानों की पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में किसानों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से आलू की बिक्री में आई मंदी के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है।
किसानों ने सरकार से मांग की कि कोल्ड स्टोर में रखे आलू के लिए किसानों का 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भाड़ा सरकार जमा करे। इसके साथ ही किसानों को 500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान राशि दी जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
पंचायत के दौरान हस्तपुर चौकी प्रभारी को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और उद्यान मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2 सितंबर से होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में आलू उत्पादक किसानों की समस्याओं और उनके समाधान के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर को रकाबगंज गुरुद्वारा, नई दिल्ली में भारत बचाओ मोर्चा की राष्ट्रीय बैठक आयोजित होगी।
पंचायत में गिर्राज स्वामी, सूरजपाल तोमर, सोनवीर, मनवीर सिंह, विनोद शर्मा, लाल सिंह, नेत्रपाल सिंह, बॉबी प्रधान, शीलेन्द्र सिंह, कालीचरन, श्यौराज सिंह, संजय वाल्मीकि, रामवीर सिंह, विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर: राजेश अग्रवाल
