
इगलास। प्रयागराज में आयोजित 61वीं यूपी स्टेट जूनियर ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अलीगढ़ जिले के 28 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में इगलास के आर्यन सिंह ने अंडर-16 बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
आर्यन ने प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से इगलास क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
खिलाड़ी की सफलता पर एसोसिएशन के अध्यक्ष शमशाद निसार आजमी ने सचिव और सभी एथलीट्स को शुभकामनाएं दीं। वहीं, एसोसिएशन के चेयरमैन पंकज महलवार, संयुक्त सचिव जितेंद्र यादव, विजय कुमार, हीरा सिंह, अमित सारस्वत, शिवानी चौधरी, मनोज चौधरी, बलविंदर सिंह और गोपाल आर्य ने आर्यन सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
