एसडीएम प्रशासन और न्यायिक तहसीलदार के न्यायालयों का 4 नवंबर तक बहिष्कार करेंगे अधिवक्ता

इगलास। बार एसोसिएशन ने एसडीएम प्रशासन और न्यायिक तहसीलदार के न्यायालयों का 4 नवंबर तक बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन की बैठक अध्यक्ष विजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में दोनों पीठासीन अधिकारियों पर न्यायिक प्रक्रिया का पालन न करने और वादों की सुनवाई में मनमानी करने का आरोप लगाते हुए बहिष्कार का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि दोनों पीठासीन अधिकारी एकपक्षीय पारित आदेशों के मामलों में पुनर्स्थापन प्रार्थना पत्रों को खारिज कर देते हैं, जिससे वादकारियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम प्रशासन वादों की सुनवाई के बाद दो से तीन माह तक आदेश पारित नहीं करते हैं।

वहीं, न्यायिक तहसीलदार पर आरोप लगाया गया कि वह लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर ग्राम पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में प्रतिवादी पक्ष को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दे रहे हैं। अधिवक्ताओं के अनुसार, प्रतिवादी को सुनवाई का अवसर दिए बिना ही पत्रावली पर स्थलीय निरीक्षण की तिथि निर्धारित कर दी जाती है। इसके बाद प्रतिपक्ष को नोटिस दिए बिना मौके पर पहुंचकर न्यायिक प्रक्रिया के विपरीत आदेश पारित कर दिए जाते हैं।

दोनों पीठासीन अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने 4 नवंबर तक उनके न्यायालयों के बहिष्कार का संकल्प पारित किया। बैठक में पारित प्रस्ताव की प्रतिलिपि दोनों पीठासीन अधिकारियों के साथ ही जिलाधिकारी और राजस्व परिषद को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *