अलीगढ़-मथुरा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

इगलास। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने अलीगढ़-मथुरा मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का औचक निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता परखी। सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और निर्धारित मानकों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने मौके पर ही कोर कटर से सड़क की कटिंग कराकर उसकी विभिन्न परतों और मजबूती की गहन जांच की। साथ ही, निर्माण सामग्री का नमूना सील कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) के अधिशासी अभियंता संजीव पुष्कर ने परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि 92.853 करोड़ रुपये की लागत से 27.800 किलोमीटर लंबे अलीगढ़-मथुरा मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। छह फरवरी 2026 को शुरू हुई इस परियोजना को पूरा करने की निर्धारित समयसीमा मई 2027 है। अब तक करीब 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा से दो माह पहले मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा।

डीएम ने निर्देश दिए कि कार्यस्थल पर श्रमिकों की संख्या और मशीनरी बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि परियोजना को निर्धारित समय से पहले पूरा किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि चौड़ीकरण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अनिरुद्ध कुमार, गुरु चरण सिंह, अवर अभियंता प्रदीप राज और सुनील कुलश्रेष्ठ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *