
इगलास। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि की नवमी तिथि पर कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया जाता है। वहीं, लांगुर को भैरव स्वरूप मानकर पूजा जाता है एवं सभी को भोजन कराया जाता है। कन्या पूजन नवरात्रि के प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों में से एक है।
इसी क्रम में नगर निवासियों ने घरों पर धार्मिक विधि-विधान के साथ कन्याओं और लांगुर (भैरव स्वरूप बालक) का पूजन किया। इसके बाद श्रद्धापूर्वक भोजन कराया।

सर्वप्रथम कन्याओं और लांगुर के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाकर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद उन्हें हलवा, पूरी और चने का सात्विक भोजन कराया गया। भोजन के उपरांत श्रद्धालुओं ने कन्याओं एवं लांगुर को दक्षिणा एवं उपहार भेंट किए। साथ ही, उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नगर के अति प्राचीन पथवारी मंदिर में भी कन्याओं एवं लांगुरों का पूजन किया गया तथा श्रद्धापूर्वक सभी को भोजन कराया गया।
इस बार नवमी की तिथि को लेकर श्रद्धालुओं में असमंजस की स्थिति रही। कुछ श्रद्धालुओं ने सोमवार के दिन नवमी पूजन किया तो कुछ लोग आज मंगलवार के दिन नवमी मना रहे हैं।

