इगलास में विजयादशमी पर भव्य रावण दहन में उमड़ा जनसैलाब; पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

इगलास: नगर में दशहरा का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और पारंपरिक धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जहां एक ओर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम द्वारा अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक रूप में रावण का पुतला दहन किया गया, वहीं दूसरी ओर नगर में निकाली गई मां काली की भव्य शोभायात्रा।

विजयादशमी की शाम को कस्बा स्थित हाथरस रोड पर लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के खेल मैदान में विशाल रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गगनभेदी आतिशबाजी और ‘जय श्रीराम’ के जयकारों के बीच जैसे ही भगवान राम के बाण से रावण के पुतले में अग्नि प्रज्वलित हुई, पूरा मैदान तालियों और जयघोष से गूंज उठा। इस दृश्य को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पहुंचे थे।

दशहरे के अवसर पर नगर में मां काली की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मां काली की आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल विभिन्न कलाकारों द्वारा दिखाए गए हैरतअंगेज करतबों ने लोगों का मन मोह लिया।

शोभायात्रा के मुख्य बाजारों से गुजरने और रावण दहन स्थल पर भारी भीड़ उमड़ने के कारण इगलास के मुख्य चौराहा और हाथरस मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

जाम और भीड़ की स्थिति को देखते हुए इगलास पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। पुलिस कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराने के लिए वाहनों को डायवर्ट करा कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखा। पुलिस की समय रहते तत्परता और सक्रियता के कारण कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *