
अग्रवाल समाज के प्रवर्तक एवं महान सम्राट महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के पावन अवसर पर इगलास नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 18 बग्घियों पर राजकुमारों की वेशभूषा में सजे बच्चे आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। भव्य झांकियों, बैंड-बाजों और धार्मिक जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
शोभायात्रा से पूर्व अग्रवाल समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना की। दीप प्रज्वलन एवं आरती के बाद शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। इसमें महाराजा अग्रसेन एवं महारानी माधवी की मनमोहक झांकी के साथ मां लक्ष्मी, मां सरस्वती और बांके बिहारी सहित विभिन्न सुंदर झांकियां शामिल रहीं।

शोभायात्रा में शामिल अग्रवाल समाज के लोग ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। इस दौरान महाराजा अग्रसेन जी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
भव्य शोभायात्रा मथुरा रोड स्थित बगीची मंदिर से प्रारंभ होकर अलीगढ़ रोड, पुरानी तहसील रोड, गौंडा रोड स्थित पथवारी मंदिर, सासनी रोड और हाथरस रोड होते हुए निर्धारित गंतव्य चाची गेस्ट हाउस पहुंची। यात्रा में शामिल झांकियों का जगह-जगह स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में इगलास पुलिस का विशेष सहयोग रहा, जिससे शोभायात्रा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली।
