
इगलास। नवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में कस्बे के गोंडा रोड स्थित प्राचीन पथवारी मंदिर से कल रविवार प्रातः 8 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में 1100 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी।
कलश यात्रा प्राचीन पथवारी मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य चौराहा, मथुरा रोड, राधा-कृष्ण मंदिर, थाने वाली गली और शिवदान सिंह कॉलेज होते हुए वापस पथवारी मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
पथवारी मंदिर के प्रमुख सुमित अग्रवाल ने बताया कि कलश यात्रा के स्वागत के लिए मार्ग में नौ पंडाल लगाए गए हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कलश यात्रा को भव्य बनाने की अपील की है।
