
इगलास। महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के पावन अवसर पर इगलास नगर में 14 अक्टूबर, बुधवार को भव्य शोभायात्रा एवं जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए श्री अग्रवाल युवा सेवा समिति के तत्वावधान में एक बैठक मित्तल ट्रेडर्स पर आयोजित की गई।
समिति के कार्यकारिणी सदस्यों डॉ. लव मित्तल, हरीश अग्रवाल (हन्ना भैया), रूपेश गोयल, निरपेक्ष गोयल, प्रवेश अग्रवाल, उत्सुक गोयल, तुषार जिंदल, संदीप बंसल एवं ध्रुव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि अग्रवाल समाज को इस आयोजन के माध्यम से एकजुट करने का प्रयास भी है।
समिति ने बताया कि शोभायात्रा मथुरा रोड स्थित बगीची मंदिर से प्रारंभ होकर अलीगढ़ रोड, पुरानी तहसील रोड, गौंडा रोड स्थित पथवारी मंदिर, सासनी रोड और हाथरस रोड होते हुए चाची गेस्ट हाउस पहुंचेगी। शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन जी के साथ उनके 18 राजकुमारों के स्वरूप तथा मां लक्ष्मी और मां सरस्वती की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नगर में जगह-जगह शोभायात्रा के स्वागत और पुष्पवर्षा की तैयारियां भी की जा रही हैं। शोभायात्रा के समापन पर चाची गेस्ट हाउस में प्रसाद की व्यवस्था भी रखी गई है।
समिति ने समस्त अग्रबंधुओं से सपरिवार शोभायात्रा और जयंती समारोह में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
