फर्जी आधार कार्ड से सौतेले भाई की जमीन में हिस्सा पाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

 

इगलास। पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर सौतेले भाई की जमीन में हिस्सा प्राप्त करने के उद्देश्य से न्यायालय में वाद दायर करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना इगलास पुलिस ने 13 अक्टूबर 2026 को रात करीब 1:30 बजे थाना परिसर से रवि चंद्र (48) पुत्र करुआ को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से ग्राम कारेका, थाना इगलास का निवासी है और वर्तमान में गामड़ी एक्सटेंशन, दिल्ली में रह रहा था।

आरोप है कि रवि चंद्र ने कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड बनवाया था, जिसमें अपना नाम हरिचंद पुत्र पोखपाल अंकित कराया था। इसी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर उसने अपने सौतेले भाई की जमीन में हिस्सा प्राप्त करने के लिए न्यायालय में वाद दायर किया था।

इस मामले में ग्राम कारेका निवासी ओमप्रकाश पुत्र पोखपाल की तहरीर पर थाना इगलास में मुकदमा अपराध संख्या 327/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336(2), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *