
इगलास। कस्बे की लालपुर कॉलोनी निवासी धीरी सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी बेटी निधि की शादी नुनेरा निवासी ललित कुमार के साथ 20 जनवरी 2024 को की थी। आरोप है कि 23 जुलाई 2026 को ललित कुमार अपने पिता श्यामवीर, मां राजरानी और दो अज्ञात लोगों के साथ उनके घर आया था।
पीड़ित के अनुसार, उनकी पत्नी घर आए रिश्तेदारों के लिए चाय बनाने रसोई में चली गई। इसी दौरान ललित और उसके परिजनों ने बेटी निधि से पूछा कि उसके पिता दहेज में कार दे रहे हैं या नहीं। निधि ने जवाब दिया कि उसके पिता कार देने में सक्षम नहीं हैं। आरोप है कि यह सुनते ही ललित कुमार और श्यामवीर ने निधि के गले में दुपट्टा डालकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। वहीं, साथ आए दोनों अज्ञात लोगों ने निधि के साथ मारपीट की।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि ललित कुमार नोएडा में रहता है और वहां किसी अन्य महिला से शादी कर रखी है।
थानाध्यक्ष ईश्वर सिंह तोमर ने बताया कि घटना के संबंध में पीड़ित के प्रार्थनापत्र के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
