
इगलास के एसडीएम नरायन सिंह गुरुवार दोपहर 12 बजे के बाद तहसील के मीटिंग हॉल में अधिवक्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसमें अधिवक्ताओं की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा होगी।
अधिवक्ता करीब एक महीने से पूर्व एसडीएम प्रशासन और न्यायिक तहसीलदार की अदालतों में न्यायिक काम का बहिष्कार कर रहे थे। उनका आरोप था कि सुनवाई के दौरान न्यायिक प्रक्रिया का पालन नहीं हो रहा था और मनमाने ढंग से काम किया जा रहा था।
समस्या सुलझाने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल ने तहसील के न्यायिक अधिकारियों की अदालतों में कामकाज के लिए रोस्टर तैयार कर भेजा था। अधिवक्ताओं से सीधी बातचीत नहीं होने के कारण बहिष्कार जारी रहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्रशासनिक आधार पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल और न्यायिक तहसीलदार का तबादला कर दिया।
पूर्व बार अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार उपाध्याय ने बताया कि बार में चर्चा के बाद अधिवक्ताओं ने गुरुवार की बैठक में शामिल होने का फैसला लिया है। वे बैठक में नए एसडीएम, न्यायिक तहसीलदार और नायब तहसीलदार से बातचीत करेंगे।
अधिवक्ता वादकारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए न्यायिक काम फिर शुरू करने की दिशा में पहल करेंगे।
