भाई दूज: तिलक का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धार्मिक महत्व

इगलास/अलीगढ़: दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व का समापन भाई दूज के साथ होता है। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना करती हैं। वहीं, भाई भी अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं।

पंचांग के अनुसार कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 3:53 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार, भाई दूज का पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा। भाई को तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक रहेगा।

भाई दूज की पूजा के लिए थाली में रोली, अक्षत, चंदन, नारियल, मिठाई, फूल और घी का दीपक रखें। इसके बाद भाई को चौक या आसन पर उत्तर अथवा पूर्व दिशा की ओर मुख करके बैठाएं। सबसे पहले भाई के माथे पर रोली और अक्षत से तिलक लगाएं। इसके बाद दीपक से उनकी आरती उतारें और मिठाई खिलाएं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भाई का बहन के घर जाकर उसके हाथों से बना भोजन ग्रहण करना विशेष शुभ माना जाता है। भोजन के बाद भाई अपनी बहन को सामर्थ्य के अनुसार उपहार देते हैं।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ा हुआ है। कहा जाता है कि इसी दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने पहुंचे थे। बहन के प्रेम और सत्कार से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि जो भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाएगा और उसके हाथों से भोजन ग्रहण करेगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा।

इसी मान्यता के चलते भाई दूज को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *