गोवर्धन पूजा: शुभ मुहूर्त, पूजन विधि और इस पर्व का धार्मिक महत्व

इगलास/अलीगढ़: प्रकृति, पर्यावरण और गोधन के प्रति आभार व्यक्त करने का महापर्व गोवर्धन पूजा इस वर्ष मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। पंचांगीय गणना के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर की दोपहर से शुरू होकर 10 नवंबर की दोपहर तक रहेगी, जिसके चलते उदया तिथि की मान्यता के अनुसार गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को ही की जाएगी।

पूजा का समय प्रातःकाल मुहूर्त 06:35  से 08:47 तक तथा सायंकाल मुहूर्त 03:20 से 05:32 तक रहेगा।पूजा के लिए सायंकाल का समय विशेष रूप से फलदायी माना जाता है।

• गोवर्धन निर्माण: घर के आंगन या मुख्य द्वार पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाएं। आकृति पर फूल, रोली और अक्षत से सजावट करें।
• दीपक व पूजा सामग्री: गोवर्धन पर्वत के मध्य में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति या चित्र स्थापित करें। इसके बाद धूप, दीप, जल, फल, फूल और नैवेद्य अर्पित करें।
• अन्नकूट का भोग: इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग या 7 प्रकार के अनाज से बने ‘अन्नकूट’ और कढ़ी-चावल का विशेष भोग लगाया जाता है।
• परिक्रमा: पूजा के बाद परिवार के सभी सदस्य मिलकर गोवर्धन जी की आकृति की 7 बार परिक्रमा करें और जयकारे लगाएं।
• गौ माता की सेवा: इस दिन गायों को स्नान कराकर उन्हें तिलक लगाएं, माला पहनाएं और उन्हें चारा व गुड़ खिलाएं।

गोवर्धन पूजा प्रकृति और मानव के गहरे संबंध का प्रतीक है। यह पर्व हमें सिखाता है कि जो प्रकृति, पर्यावरण और जीव-जंतु हमें जीवन देते हैं, उनके प्रति कृतज्ञ रहना हमारा परम कर्तव्य है। इस दिन गोवर्धन जी की पूजा करने से घर में अन्न, धन और सुख-समृद्धि का वास बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *