
इगलास। कोतवाली सभागार में दीपावली के पर्व पर आतिशबाजी की दुकानें लगाने वाले विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, कस्बा इंचार्ज गंगाराम गंगवार और हेड कांस्टेबल जबर सिंह ने पटाखा विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विक्रेता अपनी दुकानें केवल श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के सामने स्थित मैदान में ही लगाएंगे।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए। प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान पर बालू से भरे दो बोरे और पानी से भरा एक ड्रम अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया। इसके अलावा दुकानों के बीच कम से कम पांच फीट की दूरी बनाए रखने, बीड़ी-सिगरेट का इस्तेमाल नहीं करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
वहीं, तहसीलदार ललित नारायण प्रशांत ने बताया कि दीपावली पर बाजार में आतिशबाजी की बिक्री नहीं होगी। प्रशासन की ओर से निर्धारित खुले स्थानों पर ही आतिशबाजी की दुकानें लगाई जाएंगी। इसके तहत इगलास में श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के सामने मैदान, गोंडा में लगसमा इंटर कॉलेज के सामने खुले मैदान, बेसवां में धरणीधर मैदान तथा गोरई में डिग्री कॉलेज के मैदान में दुकानें लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इगलास में 45, गोंडा में 29 और गोरई में 15 लोगों ने आतिशबाजी बिक्री के लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। लाइसेंस प्राप्त करने वाले आवेदकों को ही आतिशबाजी बेचने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
