
इगलास के पहाड़ीपुर गांव में भव्य काली मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान निकाली गई मां काली की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। मेले के उद्घाटन समारोह से लेकर रात में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला।
मेले का मुख्य आकर्षण मां काली की शोभायात्रा रही, जिसकी शुरुआत गांव के दुर्गा मंदिर से हुई। शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए वापस दुर्गा मंदिर पर ही संपन्न हुई। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मां काली की आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल विभिन्न कलाकारों द्वारा दिखाए गए हैरतअंगेज करतबों ने लोगों का मन मोह लिया।

मेले का औपचारिक उद्घाटन नितिन अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सुमन दिवाकर, श्याम छौंकर, रोहित पंडित और अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
मेले में दूर-दूर से आए दुकानदारों ने दुकानें सजाईं। बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और खेलकूद की दुकानें लगाई गईं, जहां बच्चों और युवाओं ने जमकर आनंद लिया।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि मेले के अवसर पर रात में विशाल रसिया दंगल का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दंगल में विभिन्न अखाड़ों के नामी कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
इस सफल आयोजन में आकाश पंडित, प्रतीक पाठक, तेज प्रकाश उपाध्याय, मोनू पंडित और अनुराग पंडित समेत समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।
