बेसवां में घर-घर कन्याओं और लांगुर का पूजन कर कराया गया भोज

बेसवां। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि की नवमी तिथि पर कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया जाता है। वहीं, लांगुर को भैरव स्वरूप मानकर पूजा जाता है एवं सभी को भोजन कराया जाता है। कन्या पूजन नवरात्रि के प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों में से एक है।

इसी क्रम में कस्बा बेसवां निवासी विपिन बंसल के आवास पर धार्मिक विधि-विधान के साथ 51 कन्याओं और लांगुर (भैरव स्वरूप बालक) का पूजन किया गया। इसके बाद सभी को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माता रानी के जयकारों के साथ हुआ। सर्वप्रथम कन्याओं और लांगुर के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाकर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद उन्हें हलवा, पूरी और चने का सात्विक भोजन कराया गया। भोजन के उपरांत विपिन बंसल और उनके परिजनों ने कन्याओं को दक्षिणा एवं उपहार भेंट किए। साथ ही, उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान माता रानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *