पथवारी मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, जगह-जगह हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत

इगलास। नवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर रविवार को नगर के गोंडा रोड स्थित प्राचीन पथवारी मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक उल्लास और भक्तिभाव से परिपूर्ण इस यात्रा में लगभग 1100 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरा नगर माता के जयकारों से गूंज उठा।

कलश यात्रा प्राचीन पथवारी मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य चौराहा, मथुरा रोड, राधा-कृष्ण मंदिर, थाने वाली गली और शिवदान सिंह कॉलेज सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस पथवारी मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए नौ आकर्षक पंडाल सजाए गए थे।

पथवारी मंदिर के कार्यकर्ताओं ने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के तहत आयोजित इस कलश यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था, आपसी प्रेम और भक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

कलश यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में इगलास पुलिस का विशेष सहयोग रहा। पुलिस के सहयोग से यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *