
इगलास। तहसील मुख्यालय पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सौरभ भट्ट और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। एडीएम और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राप्त शिकायतों में से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 17 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी लंबित शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
