खुली नाली बनी परेशानी का सबब, हादसों और बीमारियों का बढ़ा खतरा

इगलास। नगर के वार्ड नंबर 5 की एक कॉलोनी में खुली नाली स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। खासकर बच्चों के लिए यह खुली नाली हादसे का खतरा बनी हुई है। नाली के आसपास बच्चे खेलते रहते हैं, जिसके दौरान उनके खिलौने अक्सर नाली में गिर जाते हैं। कई बार बच्चे खिलौने निकालने के लिए नाली में हाथ डालते हैं, जिससे जहरीले जीव-जंतुओं के काटने का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह गली बरसाती नाले के बिल्कुल नजदीक है। इसलिए खुली नाली में आए दिन सांप तथा अन्य जीव-जंतु दिखाई देते हैं। वहीं खेलते समय बच्चे भी कई बार नाली में गिर जाते हैं। इससे अभिभावकों में लगातार चिंता का माहौल है।

खुली नाली रहने के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। इससे मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से खुली पड़ी नाली की वजह से राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों संजू सिंह, संतोष कुमार, अरविंद कुमार, राजेश अग्रवाल इत्यादि ने वार्ड सभासद एवं नगर पंचायत से मांग की है कि नाली को शीघ्र ढकवाया जाए, ताकि बच्चों के नाली में गिरने की घटनाओं को रोका जा सके और सांप सहित अन्य जहरीले जीव-जंतुओं से भी सुरक्षा मिल सके। नाली को ढकने से क्षेत्र की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार होगा तथा बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

अब लोगों को नगर पंचायत की ओर से इस समस्या के समाधान की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *