
इगलास। नगर पंचायत इगलास के सहयोग से वार्ड नंबर 10 के आनंद विहार स्थित शिव पार्क क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए एक हाईमास्ट लाइट एवं 12 बड़ी स्ट्रीट लाइटों की स्थापना का कार्य कराया जा रहा है।
रात्रि के समय पार्क में टहलने आने वाले नागरिकों, बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे इस कार्य को क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई प्रकाश व्यवस्था से शिव पार्क सहित आसपास के क्षेत्र में रोशनी बढ़ने के साथ ही आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। साथ ही, पार्क की सुंदरता और आकर्षण में भी वृद्धि होगी।
वार्ड नंबर 10 के सभासद हरीश अग्रवाल ने कहा कि यह कार्य क्षेत्रवासियों के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से वार्ड नंबर 10 में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य जारी रहेंगे।
Reporter: Rajesh Agrawal
