
इगलास। कस्बा इगलास निवासी भट्ठा संचालक नितिन अग्रवाल ने एक कथित यूट्यूबर पर उनके नाम से फेसबुक अकाउंट बनाकर बदनाम करने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र के अनुसार, नितिन अग्रवाल का आरोप है कि 30 अगस्त 2026 की शाम करीब तीन बजे उन्होंने फेसबुक पर यूट्यूबर ऋषि चौधरी के नाम से एक अकाउंट देखा। आरोप है कि इस अकाउंट से उनके खिलाफ विभिन्न आरोप लगाते हुए उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
नितिन अग्रवाल का आरोप है कि करीब एक माह पहले ऋषि चौधरी अपने एक साथी के साथ उनके भट्ठे पर आया था। इस दौरान दोनों ने उनसे 10 हजार रुपये की मांग की। उनका कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर उनके खिलाफ फेसबुक पर कथित रूप से आपत्तिजनक और भ्रामक बातें पोस्ट की जाने लगीं। उन्होंने बताया कि उनके पिता एक विद्यालय चलाते हैं और उनका परिवार इगलास का प्रतिष्ठित परिवार है। आरोप है कि उक्त पोस्ट के कारण उनकी और उनके परिवार की मानहानि हुई है।
उन्होंने इगलास कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
