इगलास। हाथरस रोड स्थित श्री कंचन ब्रिक्स के कार्यालय पर व्यापारियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान सामाजिक मुद्दों, आरक्षण व्यवस्था, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना तथा बढ़ती जनसंख्या सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में उमाकांत अग्रवाल ने कहा कि पारंपरिक आरक्षण व्यवस्था में बदलाव किया जाना चाहिए। आरक्षण का आधार जातिगत न होकर आर्थिक होना चाहिए, ताकि जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।
सुरेश कुमार अग्रवाल ने राज्य सरकार द्वारा स्नातक छात्राओं के लिए संचालित रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी प्रदान किए जाने की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि योजना में एक निश्चित आय सीमा निर्धारित की गई है। ऐसे में आय सीमा से अधिक आय वाले परिवार की मेधावी छात्रा क्या मेधावी नहीं है? उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि यह योजना गरीब छात्राओं के लिए है या मेधावी छात्राओं के लिए।
वहीं, कन्हैयालाल बंसल ने देश में लगातार बढ़ रही जनसंख्या को चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या पर सरकार को प्रभावी कदम उठाकर नियंत्रण करना चाहिए।
बैठक में उमाकांत अग्रवाल, सुरेश कुमार अग्रवाल, कन्हैयालाल बंसल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

