
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा आठवीं की छात्रा को ओवरहेड टैंक निर्माण कार्य में लगी जेसीबी के चालक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस छात्रा की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
पीड़ित पिता ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी बेटी गांव के ही विद्यालय में कक्षा आठवीं में पढ़ती है। गांव में हर घर जल योजना के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य में प्रयागराज निवासी रघुवंश नामक युवक जेसीबी चालक के रूप में काम कर रहा था।
पिता के अनुसार, 25 अगस्त को वह मेहनत-मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान आरोपी जेसीबी चालक उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि घटना की शिकायत करने पर आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
थानाध्यक्ष ईश्वर सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छात्रा की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसकी बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
