इगलास में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल

इगलास । जानकारी के अनुसार, जनपद मथुरा के थाना मांट क्षेत्र के गांव भद्रवन निवासी कन्हैया लाल और जगदीश प्रसाद दोनों भाई हैं। उनकी ननिहाल जनपद हाथरस के गांव नगला मनिया में है। दोनों भाई यहां बैल खरीदने आए थे। मंगलवार शाम करीब छह बजे वे बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे।

वहीं, थाना चंदपा क्षेत्र के गांव नगला बीच कुंवरपुर, जनपद हाथरस निवासी बंटी किसी काम से इगलास आया था। वह भी बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान हाथरस रोड पर नितिन अग्रवाल के भट्ठे के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर एसआई गंगाराम गंगवार, जितेंद्र पाराशर और सागर चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. हिमांशी अग्रवाल ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर हालत में दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बंटी के परिजन उसे उपचार के लिए हाथरस ले गए हैं।

थानाध्यक्ष ईश्वर सिंह तोमर ने बताया कि घटना के संबंध में प्रार्थना पत्र मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *