
इगलास कस्बे में अलीगढ़ रोड पर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल 15 से 20 अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह विवाद कथित तौर पर 50 हजार रुपये प्रतिमाह की रंगदारी मांगने को लेकर हुआ था। दोनों पक्ष एक-दूसरे के क्षेत्र में आने-जाने पर रकम की मांग कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों के लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर आमने-सामने आ गए थे।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम के साथ भी आरोपियों ने धक्का-मुक्की और अभद्रता की थी। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति नियंत्रित की गई। इस झड़प में कई युवकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा संख्या 591/26 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों में तेहरा, सतलापुर और पिथैर गांव के युवक शामिल हैं।
सीओ इगलास संजीव कुमार शर्मा के अनुसार, घटना में शामिल 13 लोगों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की गई है। कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त और पिकेट तैनात की गई है।
अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करना चुनौती है। वहीं, इस घटना ने कस्बे में कथित रंगदारी और दबंगई के मुद्दे को भी चर्चा में ला दिया है।
