
इगलास, 24 अक्टूबर। एलबीके पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इगलास में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य रामलीला का मंचन किया गया। इस दौरान धनुष यज्ञ लीला के अंतर्गत श्रीराम-सीता मिलन, धनुष भंग, रावण-बाणासुर संवाद, परशुराम-लक्ष्मण संवाद तथा श्रीराम-सीता विवाह के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन कर विद्यार्थियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक हरीमोहन अग्रवाल, डॉ. नृपतिदेव भारद्वाज, प्रधानाचार्या चारू गुप्ता, निर्देशिका मान्या अग्रवाल एवं सह-निर्देशिका प्रियंका अग्रवाल ने भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूपों की आरती एवं स्तुति के साथ किया। इस अवसर पर प्रस्तुत ‘श्रीरामचंद्र कृपालु भजमन’ भजन ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में गीत-संगीत ने भी समां बांध दिया। ‘तुम उठो सिया श्रृंगार करो, धनुष राम ने तोड़ा है’ गीत की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं, श्रीराम के स्वरूप को देखकर माता जानकी के मनोभावों को व्यक्त करने वाले गीत को भी सराहना मिली। भगवान श्रीराम द्वारा धनुष भंग करते ही पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद श्रीराम और माता सीता के विवाह का भव्य आयोजन किया गया।
श्रीराम विवाह के उपलक्ष्य में भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांव कजरौठ तक गई और वहां से वापस विद्यालय परिसर में सजाई गई जनक वाटिका पहुंची। जनक वाटिका में विवाह समारोह की आकर्षक व्यवस्था ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।
विवाह समारोह के समापन पर भगवान श्रीराम की आरती उतारी गई। उपस्थित लोगों ने आरती में भाग लेकर प्रभु का स्मरण किया और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अरविंद कुमार अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, शुभम शर्मा, प्रवेश अग्रवाल एवं राहुल उपाध्याय का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट अभिनय और आयोजन में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों की सराहना की।
