
इगलास। नगर में अलीगढ़-मथुरा मार्ग के किनारे से करवन नदी की ओर जा रहे गिंदौली राजवाह के नाले पर बने निजी पुलों समेत अन्य अतिक्रमणों को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल ने नाले पर किए गए अतिक्रमणों का चिन्हांकन कराकर संबंधित दुकानदारों को पांच दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
प्रशासन की ओर से निजी पुलों को हटाने की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद दुकानदारों ने नगर के प्रमुख व्यापारी एवं समाजसेवी नितिन अग्रवाल के साथ बैठक की। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार दुकानदारों का एक समूह नितिन अग्रवाल की अध्यक्षता में भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह से मिला और अपनी समस्या रखी।
इस दौरान विनोद अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, श्यामू लाल, संजय खान, रामकुमार, राजू, राजेश अग्रवाल, सुनील गुप्ता और जयपाल सिंह सहित अन्य दुकानदारों ने मांग की कि निजी पुलों को न तोड़ा जाए और मामले में कोई वैकल्पिक समाधान निकाला जाए, जिससे दुकानदारों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह ने व्यापारियों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं और दुकानदारों की रास्ता संबंधी समस्या को देखते हुए निजी पुलों को न तोड़े जाने का आश्वासन दिया।
व्यापारियों ने उनकी समस्याएं सुनने और आश्वासन देने के लिए जिला अध्यक्ष का आभार जताया।
फिलहाल प्रशासन के अतिक्रमण हटाने के निर्देश और व्यापारियों की निजी पुलों को बचाए रखने की मांग के बीच मामला चर्चा में है। आने वाले दिनों में प्रशासन की कार्रवाई और मामले के समाधान पर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।
