
इगलास/अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ इकाई के तत्वावधान में 30 अगस्त को जिले के सभी सदस्यों के लिए परिचय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम इगलास के मथुरा रोड स्थित सुमंगलम गेस्ट हाउस में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र पाराशर ने कहा कि पत्रकारों की एकता समय की सबसे बड़ी जरूरत है। समारोह का उद्देश्य पत्रकारों के बीच एकजुटता बढ़ाना, संगठन को मजबूत करना और आपसी भाईचारे का संदेश देना है। कार्यक्रम में ‘पत्रकार एकता जिंदाबाद’ के नारों के साथ संगठन के संस्थापक बाबू बालेश्वरलाल को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
जिलाध्यक्ष ने जनपद के संगठन से जुड़े सभी पत्रकार साथियों से कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह और अलीगढ़ मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
कार्यक्रम में अतिथियों एवं सदस्यों के स्वागत की जिम्मेदारी तहसील अध्यक्षों सुनील गुप्ता, अशोक शर्मा, विश्वास शर्मा, केपी राजपूत और अमित टाइगर को सौंपी गई है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का दायित्व जनपद टीम के साथ तहसील इगलास इकाई को दिया गया है।
एसोसिएशन के संरक्षक शिवओम शर्मा ने भी संगठन की मजबूती और पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारे पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 30 अगस्त को होने वाला यह आयोजन पत्रकारों की एकजुटता के साथ-साथ समाज में उनकी सशक्त भूमिका को भी रेखांकित करेगा।
आयोजकों ने सभी पत्रकार साथियों से समय पर पहुंचकर संगठन की एकजुटता को मजबूती प्रदान करने की अपील की है।
